Aba News

पुरी रथ यात्रा में अदाणी ग्रुप की भोजन सेवा को तीर्थयात्रियों ने सराहा, जमकर की तारीफ

पुरी रथ यात्रा में अदाणी ग्रुप की भोजन सेवा को तीर्थयात्रियों ने सराहा, जमकर की तारीफ भुवनेश्वर, 27 जून (आईएएनएस)। प्रयागराज के महाकुंभ मेले में करोड़ों श्रद्धालुओं की सेवा के बाद अदाणी ग्रुप ने गुरुवार को घोषणा की कि वह ओडिशा के पुरी में आयोजित विश्व प्रसिद्ध रथ यात्रा में भी तीर्थयात्रियों की सेवा करेगा। इस वर्ष रथ यात्रा के दौरान अदाणी ग्रुप लगभग 40 लाख निःशुल्क भोजन और पेय पदार्थ वितरित करेगा। इसके लिए पूरे पुरी शहर में विशेष खाद्य काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा ओडिशा की भीषण गर्मी से राहत देने के लिए ठंडे पेय पदार्थों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। ये व्यवस्थाएं न केवल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हैं, बल्कि स्वच्छता और गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा गया है। कटक के मिहिर कुमार परिदा ने अदाणी ग्रुप की इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “यह बहुत ही शानदार व्यवस्था है। भोजन की गुणवत्ता उत्कृष्ट है और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा गया है। यह तीर्थयात्रियों के लिए एक विचारशील और सुचारू रूप से लागू की गई पहल है। मैं रथ यात्रा जैसे भव्य अवसर पर अदाणी ग्रुप के इस सराहनीय प्रयास के लिए उन्हें हृदय से बधाई देता हूं।” इसी तरह, भद्रक से आए गौतम कुमार दास ने अदाणी ग्रुप के इस पहल का स्वागत करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की। उन्होंने कहा, “मैं रथ यात्रा के लिए पुरी आया हूं और अदाणी ग्रुप द्वारा की गई भोजन व्यवस्था से बहुत प्रभावित हूं। भोजन न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि यह लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। भगवान जगन्नाथ के दर्शन के बाद और इस तरह की सेवा का अनुभव कर हम वास्तव में धन्य महसूस कर रहे हैं। मैं गौतम अदाणी को इस शानदार व्यवस्था के लिए धन्यवाद देता हूं।” आपको बता दें, अदाणी ग्रुप की यह पहल पुरी जिला प्रशासन, इस्कॉन और स्थानीय सामुदायिक समूहों के साथ साझेदारी में की जा रही है। इस सेवा की योजना महीनों पहले ही शुरू हो गई थी और इसे अदाणी ग्रुप और स्थानीय समुदायों के वालंटियर्स द्वारा कार्यान्वित की जा रही है। अदाणी ग्रुप की इस पहल ने न केवल तीर्थयात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दर्शाया है। इस साल की शुरुआत में महाकुंभ मेले के दौरान अदाणी समूह ने लाखों तीर्थयात्रियों को भोजन और सहायता प्रदान करने के लिए इस्कॉन और गीता प्रेस के साथ भागीदारी की थी जिसमें अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने भी हिस्सा लिया था। –आईएएनएस एकेएस/एकेजे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें