गिरिडीह जिले के जमुआ प्रखंड अंतर्गत चकमंजो पंचायत के ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में भारी गड़बड़ी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए मुखिया और उनके पति के खिलाफ गिरिडीह उपायुक्त को आवेदन सौंपा। ग्रामीणों का कहना है कि योजना का लाभ पाने के लिए उनसे ₹25,000 की रिश्वत मांगी जा रही है, और जो गरीब ग्रामीण यह रकम नहीं दे पा रहे, उनके नाम विभाग से कटवा दिए जा रहे हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि अयोग्य लोगों को पैसे लेकर योजना का लाभ दे दिया गया, जबकि जरूरतमंद गरीब परिवार अब भी टूटे छतों और भीगते घरों में रहने को मजबूर हैं। इस मामले में बीडीओ को भी पहले शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बार डीसी कार्यालय पर दर्जनों ग्रामीणों, वार्ड सदस्य मो. चुन्नू शेख, पंसस अजहरुद्दीन शेख और जेएसएलपीएस की किरण सिंह के साथ पहुंचे और सख्त कार्रवाई की मांग की।












