Aba News

खिताब जिताने वाले कोच को मेलबर्न रेनेगेड्स का तोहफा, तीन साल के लिए फिर से अनुबंध

मेलबर्न, 18 जून (आईएएनएस)। मेलबर्न रेनेगेड्स ने बीते सीजन महिला बिग बैश लीग का खिताब जिताने वाले हेड कोच साइमन हेल्मोट को बड़ा तोहफा दिया है। फ्रेंचाइजी ने हेल्मोट के साथ फिर से तीन साल के लिए कॉन्ट्रैक्ट किया है। बिग बैश लीग ने बुधवार को इसका आधिकारिक ऐलान किया।
मेलबर्न रेनेगेड्स ने बयान में कहा, “बेखौफ क्रिकेट पर आधारित अभियान में, हेल्मोट ने अपने चौथे सीजन में रेनेगेड्स को सफलता दिलाई और कम से कम विमेंस बीबीएल-13 के अंत तक वह टीम के साथ होंगे।”
साइमन हेल्मोट के पास ऑस्ट्रेलिया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कोचिंग का अच्छा-खासा अनुभव है। इसमें आईपीएल, सीपीएल और आईएलटी में भूमिकाएं शामिल हैं।
साइमन हेल्मोट इससे पहले बीबीएल-1 से बीबीएल-4 तक रेनेगेड्स पुरुष टीम के साथ रहे थे। साल 2020 में दोनों टीमों के असिस्टेंट कोच के रूप में वह फिर से क्लब में लौटे और इसके बाद महिला टीम की जिम्मेदारी संभाली।
साइमन हेल्मोट ने कहा, “पिछला सीजन हमारे प्लेइंग ग्रुप और स्टाफ के लिए बेहद खास रहा। मैं हेड कोच के तौर पर बने रहने को लेकर रोमांचित हूं। खिताब जीतना कभी आसान नहीं होता, जो इस ग्रुप का हिस्सा होने को और भी खास बनाता है। हमारे जनरल मैनेजर, जेम्स रोसेनगार्डन और हमारी कप्तान, सोफी मोलिनक्स के शानदार नेतृत्व में, हमने जो हासिल किया, वह एक अविश्वसनीय अनुभव था। हमारे पास खिलाड़ियों और लोगों का एक बेहतरीन कोर ग्रुप है, जो क्लब के प्रति जुनूनी हैं। मैं इसके लिए उत्साहित हूं कि हम आगे क्या कर सकते हैं।”
मेलबर्न रेनेगेड्स ने रॉब कैसल को बीबीएल के लिए असिस्टेंट कोच और बॉलिंग कोच के रूप में भी नियुक्त किया है।
कैसल मई में क्रिकेट विक्टोरिया में पुरुष टीम के वरिष्ठ सहायक के रूप में शामिल हुए। इसके पहले उन्होंने तस्मानिया के साथ तीन साल तक काम किया था। कैसल नए बीबीएल सीजन से पहले कैम व्हाइट की टीम को मजबूत करेंगे। वह हाल ही में जेसन बेहरेनडॉर्फ और ब्रेंडन डॉगेट के आने से मजबूत हुए प्रतिभाशाली गेंदबाजी दल के साथ काम करेंगे।
–आईएएनएस
आरएसजी/आरआर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें