गिरिडीह जिले के महेशलुंडी पंचायत स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय महेशलुंडी में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां नौवीं कक्षा के छात्रों को ‘ए फॉर एप्पल’ और ‘बी फॉर बॉय’ जैसी नर्सरी स्तर की पढ़ाई कराई जा रही थी। इस मामले की शिकायत स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से की, जिसके बाद गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने विद्यालय का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जब यह गंभीर लापरवाही उजागर हुई, तो जिला शिक्षा पदाधिकारी मो वसीम अहमद ने तत्काल कार्रवाई करते हुए विद्यालय की प्रधानाचार्या को हटाकर नए शिक्षक को प्रभार सौंप दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है और प्रधानाचार्या न तो स्वयं पढ़ाती हैं, न ही अन्य शिक्षकों को पढ़ाने देती हैं।

इसके चलते बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है और अन्य शैक्षणिक गतिविधियाँ भी ठप हैं। जिला शिक्षा अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि एक-दो दिन में नए प्रधानाचार्य की नियुक्ति कर दी जाएगी और सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।












