Aba News

कैप्टन सुमीत सभरवाल का पार्थिव शरीर लाया जाएगा मुंबई, दी जाएगी अंतिम विदाई

अहमदाबाद विमान हादसे में जान गंवाने वाले एयर इंडिया के पायलट कैप्टन सुमीत सभरवाल के पार्थिव शरीर को आज मुंबई के पवई स्थित उनके निवास पर लाया जाएगा।

परिवार के सूत्रों के अनुसार, डीएनए पहचान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिसके बाद पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए उनके घर लाने की तैयारियां की जा रही हैं। कैप्टन सभरवाल का निवास पवई की जल वायु विहार सोसायटी में स्थित है, जहां उनके अंतिम दर्शन के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया है। इस सभा में उनके रिश्तेदार, मित्र, सहकर्मी और शुभचिंतक शामिल होंगे, जो उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए एकत्रित होंगे।

जल वायु विहार बिल्डिंग के बाहर सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए हैं, जिससे अंतिम यात्रा में कोई व्यवधान न हो।

कैप्टन सभरवाल अपने पेशेवर जीवन में अपनी कुशलता और समर्पण के लिए जाने जाते थे। एयर इंडिया में उनके सहकर्मियों ने उन्हें एक जिम्मेदार और प्रेरणादायक पायलट के रूप में याद किया। उनके दोस्तों और परिवार ने बताया कि वह न केवल एक उत्कृष्ट पायलट थे, बल्कि एक नेकदिल इंसान भी थे, जो हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे।

श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने वाले लोगों में एयर इंडिया के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहेंगे। सोसायटी के निवासियों ने भी इस दुखद घड़ी में परिवार के साथ एकजुटता दिखाई है और श्रद्धांजलि सभा के आयोजन में सहयोग किया है।

अहमदाबाद में 12 जून को हुए विमान हादसे में कुल 270 लोगों की मौत हो गई है । बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान लंदन के गैटविक जा रहा था, तभी यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में सवार 242 लोगों में से केवल एक यात्री ही बच पाया।

–आईएएनएस

एकेएस/केआर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें