अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला संघ (ऐपवा) की जिला शाखा गिरिडीह ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर की निष्क्रियता के खिलाफ राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। झंडा मैदान से जय प्रकाश नारायण चौक तक निकाली गई रैली में दर्जनों महिलाओं ने भाग लिया और नारेबाजी करते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष से इस्तीफे की मांग की। ऐपवा की राज्य और जिला स्तरीय नेत्रियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द इस्तीफा नहीं दिया गया तो आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।
प्रदर्शन में उपस्थित महिलाओं ने कहा कि जिन राज्यों में महिला आयोग का गठन नहीं हुआ है या जहां पद रिक्त हैं, वहाँ सरकारें महिला संगठनों की सलाह से आयोग का गठन करें। इस मौके पर ऐपवा राज्य कमिटी की सदस्याएं और ज़िले की प्रमुख कार्यकर्ता – जयंती चौधरी, सरिता देवी, मीना दास, कौशल्या दास, प्रीति भास्कर, पिंकी भारती, सुनिता पासवान, गुड़िया देवी, उर्मिला देवी, दुलारी देवी, प्रमिला यादव और कलबतिया देवी उपस्थित रहीं।
सभी ने एकजुट होकर महिला अधिकारों के लिए संघर्ष को तेज करने की प्रतिबद्धता जताई और सरकार से महिला आयोग को सशक्त बनाने व महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की।



