Aba News

यूरोप और भारत के बीच नए संबंधों की शुरुआत होने वाली है : रविशंकर प्रसाद

भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व वाला सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल स्वदेश वापस आ गया है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, सभी देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और भारत के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सभी देशों से सकारात्मक परिणाम मिले हैं, आने वाले समय में यूरोप और भारत के बीच नए संबंधों की शुरुआत होने वाली है।

देश की अर्थव्यवस्था का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी बड़ी इकॉनमी हो गई है। इससे सारे देश काफी प्रभावित हैं। हम सबकी यात्रा बहुत ही सकारात्मक रही है।

उन्होंने कहा कि मेरा पूरा प्रतिनिधिमंडल फ्रांस, इटली, डेनमार्क (कोपेनहेगन), इंग्लैंड, ब्रुसेल्स और जर्मनी गया था। हर जगह हमने सांसदों, मंत्रियों, थिंक टैंक, मीडिया और भारतीय समुदायों के साथ चर्चा की। हम लोग यूरोपियन पार्लियामेंट में भी गए, हर जगह एक स्वर से पहलगाम आतंकी हमले की आलोचना की गई। भारतीय समुदाय हम सब से मिलकर उत्साहित थे। उन्होंने देश के साथ खड़े रहने का संकल्प रखा।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा, “इस दो सप्ताह की यात्रा के दौरान पूरे यूरोप में भारत का रुख प्रस्तुत किया गया है। हमने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय, विभिन्न संसदों के सदस्यों, थिंक टैंकों और महत्वपूर्ण मंचों से मुलाकात की। हमने आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस का स्पष्ट संदेश दिया। हमने यह स्पष्ट कर दिया कि पाकिस्तान से उत्पन्न होने वाले किसी भी आतंकवादी कृत्य को युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा। यह संदेश दृढ़ता से दिया गया और अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने इसे स्वीकार किया है।”

प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा सांसद दग्गुबाती पुरंदेश्वरी ने कहा, “हम भारत के लिए खड़े होने और आतंकवाद के उस अभिशाप को उजागर करने के एक ही उद्देश्य से गए थे, जो पिछले सात दशकों से हमारे देश को परेशान कर रहा है। हमने सरकारी अधिकारियों और प्रतिनिधियों, सांसदों और यहां तक कि प्रवासी भारतीयों से भी बात की है। इस दौरान हमने भारत में आतंकवाद के सबूत भी पेश किए हैं। इसलिए वे सभी इससे अच्छी तरह वाकिफ हैं और उन्होंने भारत को अपना समर्थन दिया है।”

भाजपा के राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य ने कहा, “पूरे यूरोपियन यूनियन ने पहलगाम आतंकी हमले पर खेद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि हम पाकिस्तान को बेनकाब करने गए थे। हमारी यात्रा का उद्देश्य यह है कि पाकिस्तान को कूटनीतिक रूप से अलग-थलग किया जाना चाहिए और पाकिस्तान को आतंकवादी देश घोषित किया जाना चाहिए। पाकिस्तान एक आतंकवादी केंद्र बन गया है और अभी वे विभिन्न प्रकार की घुसपैठ के माध्यम से बांग्लादेश को अपने नए आतंकी लॉन्च पैड के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहे हैं।”

एआईएडीएमके सांसद एम. थंबीदुरई ने कहा, “हमने पाकिस्तान की आतंकवाद की विश्वासघाती गतिविधियों को दुनिया के सामने उजागर किया। हमारे पास महान अवसर था। मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत आभारी हूं।”

–आईएएनएस

एएसएच/केआर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें