रांची, 26 मई 2025 — झारखंड सरकार के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने सोमवार को एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है, जिसके तहत राज्य के 20 से अधिक भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया गया है। इस फेरबदल के तहत कई जिलों को नए उपायुक्त और जिला दण्डाधिकारी मिले हैं। इस निर्णय का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाना और जिलों में बेहतर शासन व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
अधिसूचना के अनुसार श्री अजय नाथ झा (IAS-2012) को आदिवासी कल्याण आयुक्त, रांची से स्थानांतरित कर बोकारो का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, श्री फैज अक अहमद (IAS-2014), जो बागवानी निदेशक के पद पर थे, अब रामगढ़ जिले के उपायुक्त बनाए गए हैं। श्री आदित्य रंजन को धनबाद, श्री राम निवास यादव को गिरिडीह, और श्रीमती आर. सैनिदा को खूंटी का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। इसके अलावा श्री नमन प्रियेश लकड़ा को देवघर, और श्रीमती अंजली यादव को गोड्डा का नया डीसी बनाया गया है।
इस सूची में अन्य प्रमुख नामों में श्री कर्ण सत्यार्थी को पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर), श्री चंदन कुमार को पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा), श्रीमती कंचन सिंह को सिमडेगा, और श्री नितिश कुमार सिंह को सरायकेला-खरसावाँ का उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, श्री शशि प्रकाश सिंह को गुमला, श्री कुमार ताराचंद को हजारीबाग, और श्रीमती कीर्तिश्री को लोहरदगा भेजा गया है। श्री अभिजीत सिन्हा अब चतरा के उपायुक्त होंगे।
इसके अलावा, कुछ अधिकारियों को प्रशासनिक और योजना विकास से संबंधित नई जिम्मेदारियाँ दी गई हैं। श्री ऋतुराज को कोडरमा, श्रीमती समीरा एस. को पलामू, श्री रवि आनंद को जामताड़ा, और श्री दिनेश कुमार यादव को गढ़वा का उपायुक्त बनाया गया है। यह सभी अधिकारी अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-14 के तहत जिला दण्डाधिकारी के रूप में प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करेंगे।
राज्य सरकार ने इन तबादलों को सुव्यवस्थित प्रशासनिक संचालन और बेहतर जनसेवा के उद्देश्य से जरूरी बताया है। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अविलंब अपने-अपने नए स्थानों पर योगदान करें और जिले में कानून व्यवस्था, विकास योजनाओं और कल्याणकारी कार्यक्रमों को प्राथमिकता दें।*



