Aba News

GIRIDIH: हादसे ने छीनी मासूम की जिंदगी: हरलाडीह में बालू लदे ट्रैक्टर ने ली 14 वर्षीय किशोर की जान, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

गिरिडीह जिले के पीरटांड प्रखंड अंतर्गत हरलाडीह ओपी क्षेत्र के चिरकी-राजगंज मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सुबह करीब 5 बजे पिपराडीह गांव निवासी 14 वर्षीय प्रशांत कुमार मॉर्निंग वॉक पर निकला था। वह सड़क के किनारे पैदल चल रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात बालू लदे ट्रैक्टर ने उसे कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल प्रशांत को परिजन आनन-फानन में धनबाद अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना से गांव और आसपास के इलाकों में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और घटनास्थल पर ही सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में दिनभर सैकड़ों अवैध बालू लदे ट्रैक्टर नाबालिग और शराबी चालक चलाते हैं, जिससे इस तरह के हादसे आम हो गए हैं। उनका कहना है कि पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के कारण बालू माफिया बेखौफ होकर इस अवैध धंधे को चला रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि मृ,तक के परिवार को मुआवजा दिया जाए और दोषी चालक को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

घटना के बाद प्रशासन भी हरकत में आया। पीरटांड के सीओ गिरजानन्द किस्कू मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि अवैध बालू तस्करी पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और मृ,तक के परिजनों को उचित मुआवजा भी दिया जाएगा। सीओ ने कहा कि इस दुखद हादसे की जांच की जा रही है और दोषी ट्रैक्टर चालक को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।

इस हादसे ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर कब तक अवैध बालू लदे ट्रैक्टर ऐसे मासूमों की जान लेते रहेंगे? नाबालिग चालकों और अवैध परिवहन पर सख्ती क्यों नहीं की जा रही? स्थानीय लोग बार-बार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन जब तक कोई बड़ा हादसा न हो, तब तक कार्रवाई नहीं होती। प्रशांत कुमार की मौत केवल एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही और अवैध कारोबार के खिलाफ एक करुण चीत्कार है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस पर कितना गंभीर कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें