गिरिडीह जिले के डुमरी-केबी रोड पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, अनाज की डिलीवरी कर वापस लौट रही एक डोर स्टेप डिलीवरी वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक 50 वर्षीय जयलाल महतो, निवासी खैरागढ़ (मध्य गोपाली पंचायत, डुमरी), और खलासी 56 वर्षीय असगर अंसारी, निवासी जामतारा गांव (डुमरी), की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किसी अज्ञात वाहन के चकमा देने के कारण डिलीवरी वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह खाई में जा समाई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी डुमरी पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची, शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।













