गिरिडीह जिले के जमुआ में मंगलवार शाम को एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कोशिश की गई। यह घटना जमुआ थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, जब एक आभूषण व्यवसायी मो. शाहिद अपने भतीजे के साथ स्कूटी से घर लौट रहे थे। उनके कंधे पर रुपए और आभूषण से भरा बैग टंगा हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार में बाइक पर सवार दो अपराधियों ने ओवरटेक कर बैग छीनने की कोशिश की। शाहिद के शोर मचाने पर आसपास के लोग दौड़ पड़े, जिससे माहौल अचानक अफरातफरी में बदल गया।

शाहिद के पीछे आ रहे उनके भाई मो. माजिद रजा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को भांपते ही अपराधियों से भिड़ गए। भीड़ इकट्ठा होते देख अपराधी घबरा गए और खुद को घिरा पाकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलाते हुए वे मिर्जागंज की ओर फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर स्थानीय लोग समय पर नहीं पहुंचते तो अपराधी बैग लेकर फरार हो जाते। इसी झड़प के दौरान शाहिद के भाई जाहिद को अपराधियों ने देसी कट्टे के बट से मारकर घायल कर दिया। इससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।

घटना की सूचना मिलते ही जमुआ थाना प्रभारी मणिकांत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम शुरू किया। थाना प्रभारी ने बताया कि अपराधी लूट की कोशिश में असफल रहे और जल्द ही उनकी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं क्योंकि यह वारदात थाना से बहुत ही पास हुई है।
पीड़ित व्यवसायी मो. शाहिद ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, तभी यह हमला हुआ। उन्होंने कहा कि अगर भाई और स्थानीय लोग नहीं पहुंचते तो अपराधी वारदात को अंजाम देकर भाग जाते। इलाके के लोग घटना से डरे हुए हैं और पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। इस बीच पुलिस लगातार जांच में जुटी है और अपराधियों को जल्द पकड़ने का भरोसा दिला रही है।












