Aba News

झारखंड में मौसम का बदला मिजाज: दो दिन ‘लू’ का सितम, फिर मिलेगी बारिश से राहत

झारखंड में इन दिनों मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। एक ओर जहां लू की गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर दोपहर बाद होने वाली हल्की बारिश ने कुछ राहत भी दी है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 13 और 14 मई को राज्य के कई हिस्सों में लू का असर रहेगा, खासकर पूर्वी झारखंड में इसका प्रभाव अधिक दिखाई देगा। इस दौरान लोगों को दिन के समय सावधानी बरतने और धूप से बचने की सलाह दी गई है।

15 और 16 मई को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, इन दो दिनों में उत्तर-पूर्वी झारखंड में लू का असर रह सकता है, लेकिन बाकी क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और वज्रपात की संभावना भी जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है। खासतौर पर 16 मई को राज्य के उत्तर-पश्चिमी भागों को छोड़कर बाकी हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा।

पिछले 24 घंटों के दौरान झारखंड के कई जिलों में अलग-अलग तरह का मौसम देखने को मिला। संथाल परगना इलाके में तेज लू का प्रभाव रहा, वहीं पाकुड़, दुमका, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, साहिबगंज और देवघर में मेघ गर्जन के साथ बारिश दर्ज की गई। बहरागोड़ा में सबसे ज्यादा 16 मिमी बारिश हुई, जबकि पलामू सबसे गर्म जिला रहा जहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री रहा, जो सामान्य से थोड़ा ज्यादा है।

राजधानी रांची की बात करें तो यहां आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। 13 और 14 मई को मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान 39 डिग्री तक पहुंच सकता है। 15 और 16 मई को बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं 17 और 18 मई को भी बादलों की आवाजाही और बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि इस बदलते मौसम में सतर्क रहें और सुरक्षित स्थानों पर ही रहें, विशेषकर वज्रपात की स्थिति में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें