Aba News

झारखंड में मौसम ने बढ़ाई उलझन: दिन में चढ़ता पारा, शाम को बरसात, यलो अलर्ट जारी

झारखंड में इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया है। दिन में जहां तापमान 40 डिग्री के पार जा रहा है, वहीं शाम ढलते ही बारिश हो रही है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में देर रात बारिश देखने को मिली, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन यह बदलाव असमंजस भी पैदा कर रहा है। सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहते हैं, और दोपहर होते-होते चिलचिलाती धूप सताने लगती है, वहीं शाम को मेघगर्जन और बारिश के चलते मौसम फिर ठंडा हो जाता है।

राज्य के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा वर्षा नेतरहाट (लातेहार) में हुई है, वहीं सबसे अधिक तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस गोड्डा में रिकॉर्ड किया गया है। दूसरी ओर, सबसे कम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस खूंटी में रहा। मौसम के इस उतार-चढ़ाव ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। किसान से लेकर स्कूली बच्चे और कामकाजी लोग सभी इस बदलते मौसम से परेशान हैं।

मौसम विभाग ने आज राज्य के 10 से अधिक जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इन जिलों में रांची, बोकारो, रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा शामिल हैं। इन इलाकों के लिए यलो अलर्ट भी जारी कर दिया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, इन जिलों में हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, साथ ही मेघगर्जन और वज्रपात की भी आशंका है। बारिश की संभावना के बावजूद दिन के समय उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है।

वहीं दूसरी तरफ, आने वाले दिनों में लू का भी खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में लू चलने की चेतावनी दी है। इसके अलावा 14 से 16 मई तक गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में लू चल सकती है। इसको देखते हुए 12 से 16 मई तक यलो अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रांची की बात करें तो आज वहां बारिश की संभावना बनी हुई है। हालांकि 12 और 13 मई को मौसम साफ और शुष्क रहने वाला है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम 25 से 26 डिग्री के बीच रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें