गिरिडीह जिले के सीसीएल कबरीबाद माइंस में एक चौंकाने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां चोरों ने सीधे माइंस मैनेजर के ऑफिस को निशाना बनाकर एयर कंडीशनर, इन्वर्टर सेट और प्रिंटर तक उड़ा लिए।

धातु की चोरी के बजाए इस बार ऑफिस उपकरणों की चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। घटना की जानकारी मिलते ही माइंस प्रबंधन हरकत में आया और ओसीपी गिरिडीह के माइंस मैनेजर आरपी यादव, कबरीबाद माइंस मैनेजर श्रवण कुमार और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा प्रभारी मनोज सुंडी को तुरंत प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस वारदात ने सीधा सवाल खड़ा किया है—जब चोर मैनेजर ऑफिस के ठीक बगल में मौजूद स्टाफ रूम के पास सेंधमारी कर रहे थे, तब ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को भनक क्यों नहीं लगी? एसी और इन्वर्टर जैसे भारी उपकरण निकालना वक्त लेता है, फिर भी न तो किसी ने रोका, न ही समय रहते पुलिस या पेट्रोलिंग टीम को सूचना दी गई।













