गिरिडीह के अरगाघाट सार्वजनिक दुर्गा मंडप में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ पर सोमवार को शहर में एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें करीब 501 महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे शहर का भ्रमण किया। इस धार्मिक आयोजन में महिलाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु, आयोजन समिति के सदस्य तथा स्थानीय लोग भी शामिल हुए।

गाजे-बाजे, भजन-कीर्तन और “जय श्रीराम” के उद्घोष से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। वृंदावन से पधारे प्रसिद्ध कथावाचक रविंद्र कृष्ण महाराज भी यात्रा में सम्मिलित रहे और भक्तों के साथ नगर भ्रमण किया। कलश यात्रा अरगाघाट नदी तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महिलाओं ने कलश में पवित्र जल भरा और पुनः दुर्गा मंडप लौटीं, जहाँ कथा से पूर्व धार्मिक विधि-विधान आरंभ किए गए। इस आयोजन में भाजपा नेता प्रकाश दास, नवीन सिन्हा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित रहे। अब आने वाले सात दिनों तक भक्तगण श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।













