Aba News

रांची को बनेगा आदर्श स्मार्ट सिटी, मंत्री सुदिव्य कुमार ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

रांची को स्वच्छ, सुरक्षित और आधुनिक स्मार्ट सिटी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने रफ्तार पकड़ ली है। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने सोमवार को नेपाल हाउस में रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन लिमिटेड की योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्मार्ट सिटी के कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर की पूरी क्षमता का उपयोग करते हुए पूरे रांची शहर और एबीडी (एरिया बेस्ड डेवलपमेंट) क्षेत्र की सघन निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सफाई, जलापूर्ति, विद्युत सेवा, स्ट्रीट लाइट ऑटोमेशन और संरचनात्मक मरम्मत के कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई न हो और जनता को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं मिलें। बैठक में उन्होंने प्लॉट म्यूटेशन से लेकर सुरक्षा और स्मार्ट सुविधाओं के विस्तार तक कई निर्देश जारी किए।

विभागीय प्रधान सचिव व स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीएमडी सुनील कुमार ने मंत्री को अब तक की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 16 प्लॉट्स की ई-नीलामी पूरी हो चुकी है और कुछ प्लॉट्स राज्य व केंद्र सरकार की एजेंसियों को सौंपे गए हैं। आने वाले समय में और नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, वहीं रांची के अलावा राज्य के अन्य शहरों में भी एबीडी मॉडल लागू करने की तैयारी चल रही है। मंत्री ने ऊर्जा विभाग और पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर 24 घंटे बिजली आपूर्ति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि हर विभाग तेजी से काम करे ताकि रांची जल्द ही एक आदर्श स्मार्ट सिटी के रूप में उभर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें