विद्या भारती योजना के अंतर्गत सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, बरगंडा में शनिवार को दादा-दादी, नाना-नानी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समिति उपाध्यक्ष सतीश्वर प्रसाद सिन्हा, प्रधानाचार्य आनंद कमल और अभिभावक श्याम नारायण पांडे द्वारा दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुई।

समारोह में उपस्थित सभी दादा-दादी और नाना-नानी को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। बच्चों ने अपने दादा-दादी के चरण धोकर तिलक वंदन किया, मिठाई खिलाई और आशीर्वाद प्राप्त किया।

बच्चों ने भाव नृत्य और गीतों के माध्यम से अपने बड़ों के प्रति प्रेम और आदर प्रकट किया। प्रधानाचार्य आनंद कमल ने अपने संबोधन में कहा कि दादा-दादी और नाना-नानी हमारे जीवन के मार्गदर्शक और मजबूत स्तंभ होते हैं, जिनके अनुभवों से हमें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।

समिति उपाध्यक्ष सतीश्वर प्रसाद सिन्हा ने भी कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में भारतीय संस्कृति और बड़ों के प्रति आदर-सम्मान की भावना विकसित होती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त आचार्य-दीदियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।












