क्या आपका बच्चा झारखंड बोर्ड से मध्यमा परीक्षा 2025 देने वाला है? तो ये खबर आपके लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि अगर एक छोटी सी तारीख चूक गई, तो परीक्षा में बैठने का सपना टूट सकता है। जी हां, झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) ने मध्यमा परीक्षा के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और फॉर्म भरने की प्रक्रिया और अंतिम तारीखें घोषित कर दी हैं। और खास बात ये है कि इसमें दो चरणों में आवेदन की सुविधा दी गई है—बिना विलंब शुल्क और दंड शुल्क के साथ।
झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची द्वारा जारी सूचना के अनुसार, छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक 21 अप्रैल 2025 तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी और जैक की आधिकारिक वेबसाइट www.jac.jharkhand.gov.in पर “Exam Form Portal” सेक्शन के ज़रिए पूरी की जा सकती है। DEO (District Education Officer) द्वारा आवेदन स्वीकृत करने की आखिरी तारीख भी 21 अप्रैल ही रखी गई है। चालान जनरेट करने की अंतिम तिथि 22 अप्रैल है, जबकि बैंक में शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 25 अप्रैल निर्धारित की गई है। अगर आप इस टाइमलाइन में आते हैं, तो किसी तरह की अतिरिक्त राशि नहीं देनी पड़ेगी और आपका रजिस्ट्रेशन समय पर हो जाएगा।
अगर किन्हीं कारणों से छात्र पहले चरण की तारीखें मिस कर देते हैं, तो घबराने की जरूरत नहीं है। जैक ने लेट फीस के साथ आवेदन की सुविधा भी दी है। इस स्थिति में छात्र 28 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं, जिसे DEO द्वारा 29 अप्रैल तक अप्रूव किया जाएगा। इसके बाद चालान जनरेट करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है और बैंक में फीस जमा करने की अंतिम तारीख 5 मई तय की गई है। हालांकि इस चरण में दंड शुल्क देना अनिवार्य होगा। लेकिन एक बात तय है, इस बार बोर्ड ने पारदर्शिता और समयबद्धता को लेकर सख्ती दिखाई है।












