देशभर के कई राज्यों में साइबर ठगी के मामलों में वांछित कुलदीप मंडल को गिरिडीह साइबर थाना पुलिस ने गुरुवार को कैलीबाद इलाके से गिरफ्तार किया। 24 वर्षीय कुलदीप दिल्ली, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के लोगों से ऑनलाइन ठगी करता था।

साइबर डीएसपी आबिद खान की टीम ने गुप्त सूचना और प्रतिबिम्ब ऐप से मिले इनपुट के आधार पर छापेमारी कर उसे रंगेहाथ पकड़ा। उसके पास से चार मोबाइल जब्त किए गए हैं, जिनमें ठगी से जुड़े अहम सबूत मिले हैं। कुलदीप के खिलाफ देशभर में कई मामले दर्ज हैं और पुलिस अब उसके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।












