झारखंड के गिरिडीह जिले के तीन होनहार क्रिकेटरों—कौशल सिंह, मेराज खान और निशांत कुमार—को मलेशिया में 16 से 25 अप्रैल तक होने वाले कुआलालंपुर टी20 बैश इंटरनेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट में खेलने का मौका मिला है। पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा ले चुके ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से गिरिडीह का नाम रोशन कर चुके हैं। रणजी ट्रॉफी खेल चुके बाएं हाथ के बल्लेबाज निशांत, फिरकी गेंदबाज कौशल, और तेज गेंदबाज मेराज, जो 2023 में आईपीएल नेट बॉलर भी रह चुके हैं, अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। पूर्व क्रिकेटर राजेश सिन्हा और समाजसेवी राम जी यादव ने गिरिडीह में क्रिकेट के बढ़ते क्रेज पर खुशी जताई और उम्मीद जताई कि इस उपलब्धि से अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।













