गिरिडीह के तिसरी अंचल कार्यालय में अनिश्चितकालीन धरना दे रहे किसान जनता पार्टी के सदस्यों ने सोमवार को पार्टी अध्यक्ष नीलम कुमारी के नेतृत्व में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया। आंदोलनकारी किसानों का आरोप है कि मरांडी ने वर्ष 2022 में रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति दिलाने का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

झारखंड हाईकोर्ट और गिरिडीह के अपर समाहर्ता द्वारा आदेश जारी होने के बावजूद तिसरी अंचल में किसानों को सत्यापित प्रति नहीं मिल रही, जबकि अन्य अंचलों में वितरण शुरू हो चुका है। आक्रोशित किसानों ने कहा कि मरांडी अपने गृह अंचल की समस्याओं को भी नहीं सुलझा पा रहे हैं, ऐसे में उनके नेता प्रतिपक्ष बने रहने का कोई औचित्य नहीं है। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।












