गिरिडीह के गांडेय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बुधवार को नौ दिवसीय नेत्र जांच एवं ऑपरेशन शिविर का शुभारंभ विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस सेवा-शिविर का आयोजन शंकर नेत्रालय एवं बोकारो ओल्ड जेव्रियन्स एलुमिनी ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से किया गया है। ट्रस्ट द्वारा लाए गए विशेषज्ञ डॉक्टर, अत्याधुनिक मशीनें और समर्पित सेवाभाव ने इस शिविर को खास बना दिया है, जहां सैकड़ों जरूरतमंदों की आंखों की जांच और निशुल्क ऑपरेशन किए जाएंगे।

ट्रस्ट की सामाजिक प्रतिबद्धता को कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों ने सराहा, जिसमें उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, पूर्व विधायक केदार हाजरा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल थे। ट्रस्ट के संस्थापक अरविन्द चोपड़ा और अध्यक्ष महेश गुप्ता के नेतृत्व में वर्षों से स्वास्थ्य, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में की गई निःस्वार्थ पहल, आज समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचाने की मिसाल बन रही है। ट्रस्ट ने यह भी भरोसा दिलाया कि ऐसे सामाजिक शिविर भविष्य में भी लगातार चलते रहेंगे।













