गिरिडीह गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन कल 9 अप्रैल को गांडेय स्वास्थ्य केंद्र में नौ दिवसीय विशेष नेत्र जांच शिविर का उद्घाटन करेंगी। यह शिविर चेन्नई के प्रतिष्ठित शंकर नेत्रालय द्वारा आयोजित किया गया है, जिसमें 9 से 12 अप्रैल तक नि:शुल्क पंजीकरण व नेत्र जांच तथा 13 से 17 अप्रैल तक मोतियाबिंद ऑपरेशन, लेंस प्रत्यारोपण और चश्मा वितरण किया जाएगा। 40 वर्ष या उससे अधिक आयु के लोग इस शिविर का लाभ ले सकते हैं। शिविर की तैयारियों को लेकर डीडीसी समृता कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा व अन्य अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया। सिविल सर्जन ने बताया कि यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सुलभ कराने की दिशा में एक अहम कदम है।













