गिरिडीह में ईद उल-फितर का जश्न पूरे जोश और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बाज़ारों में चहल-पहल बढ़ गई है, और इत्र की दुकानों पर खासा रौनक देखने को मिल रही है। 63 साल पुरानी ‘अत्तर शॉप’ के संचालक मो. इमरान शेख बताते हैं कि इस बार ईद पर लोग अरेबिक नोट्स और फ्रेंच परफ्यूम को ज्यादा पसंद कर रहे हैं। खासकर ‘स-समर-उद’ और नाइजीरियन इत्र की जबरदस्त मांग है। कीमत 400 रुपये से लेकर 5000 रुपये प्रति तोला तक जाती है, लेकिन सबसे ज्यादा बिक्री 500 से 1000 रुपये वाले इत्र की हो रही है।

ईद के मौके पर कपड़ों और सेवइयों के साथ-साथ अफगानी टोपियों और सुरमे की भी जोरदार खरीदारी हो रही है। इस बार 300 रुपये तक की अफगानी टोपी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बाजारों में भीड़ उमड़ रही है और ईद की खुशबू चारों ओर फैली हुई है।












