गिरिडीह : जिले के बिरनी प्रखण्ड बनपुरा दुर्गा मंडप के पास जंगल में रविवार को कुछ बच्चों द्वारा आग लगाए जाने से पूरा जंगल जलने लगा। तेज़ हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और सैकड़ों पेड़-पौधे चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही ग्रामीणों और पुलिस की पेट्रोलिंग टीम ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग बेकाबू होती गई। अंततः अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। ग्रामीणों ने संदिग्धों की पहचान कर ली है और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इसी तरह, जितकुंडी में भी शनिवार को अज्ञात लोगों ने खेतों में आग लगा दी, जिससे फसलें और कई पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।













