Aba News

गिरिडीह में दिल दहला देने वाली घटना: तीन मासूम बच्चों की हत्या कर पिता ने की आत्महत्या

गिरिडीह : जिले के खुखरा थाना क्षेत्र के महेशलिट्टी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। एक ही घर से चार शव बरामद हुए हैं, जिनमें एक पिता और उसके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक जांच के अनुसार, पिता सनाउल अंसारी (36) ने अपनी दो बेटियों आफरीन (12), जेबा नाज (6) और बेटे सफाउल (8) की गला दबाकर हत्या कर दी, फिर खुद फांसी के फंदे पर झूल गया। सनाउल पेशे से राजमिस्त्री था और घर में ही राशन व कपड़े की दुकान चलाता था। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसकी पत्नी मायके में इलाज के लिए गई थी। गांव में यह खबर फैलते ही मातम पसर गया, और स्थानीय लोग इस घटना से स्तब्ध हैं। रविवार सुबह जब रमज़ान के दौरान सेहरी के लिए लोग जागे और सनाउल को जगाने पहुंचे, तब इस दर्दनाक घटना का खुलासा हुआ।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार ने बताया कि घटनास्थल की गहन जांच की जा रही है। एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और खोजी कुत्तों की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अब तक की जांच में सामने आया है कि घटना रात 10 बजे के बाद हुई, जब गांव में हलचल कम हो गई थी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है कि आखिर क्या कारण था, जिसने एक पिता को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही इस मामले में ठोस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने एसडीपीओ को इस मामले की गहन जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि सच सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें