गिरिडीह के धनवार थाना क्षेत्र के घोड़थंभा ओपी अंतर्गत घोड़थंभा बाजार में होली के मौके पर डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात बेकाबू होते ही उपद्रवियों ने कई दुकानों में आग लगा दी, जिससे लाखों की संपत्ति जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गिरिडीह एसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। फिलहाल इलाके में भारी तनाव बना हुआ है, और पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है ताकि माहौल को शांत किया जा सके। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है, लेकिन घटना ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।












