गिरिडीह : समाहरणालय में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अवैध पत्थर, बालू, कोयला और अभ्रक उत्खनन की रोकथाम को लेकर चर्चा हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, सभी अनुमंडल पदाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सीसीएल के पट्टा क्षेत्र और वन क्षेत्रों में हो रहे अवैध खनन पर चिंता जताई और इसे रोकने के लिए ठोस कार्रवाई की रूपरेखा तैयार की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने जिला खनन पदाधिकारी को अवैध खनन में लिप्त लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करने और खनिज लदे वाहनों की कड़ी जांच के निर्देश दिए। साथ ही, बालू घाटों के संचालन व अवैध परिवहन पर भी सख्ती बरतने को कहा गया। प्रशासन ने साफ कर दिया कि अवैध खनन करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई होगी और नियमित छापेमारी अभियान चलाया जाएगा।












