गिरिडीह : मीर रेजिडेंसी होटल में जागो फाउंडेशन और नाबार्ड के सहयोग से भव्य अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथियों ने दीप प्रज्वलन कर शुभारंभ किया और महिला सशक्तिकरण पर विचार साझा किए। मनरेगा लोकपाल तम्मना प्रवीन, जिला परिषद प्रतिनिधि विजय वर्मा, मुखिया आशा देवी, और CWC सदस्य पूजा सिन्हा समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस आयोजन में SHG से जुड़ी महिलाएं और किशोरियों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
जागो फाउंडेशन के सचिव बैद्यनाथ जी ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अग्रसर हैं, लेकिन अब भी ग्रामीण समाज में सोच बदलने की जरूरत है। लोकपाल तम्मना प्रवीन ने सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया, वहीं नाबार्ड के DDM ने बताया कि संगठन ने 17 करोड़ महिलाओं को SHG के माध्यम से स्वावलंबी बनाया है। कार्यक्रम के अंत में महिला उत्थान में योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया।



