नीति आयोग के प्रदर्शन मानक में जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए गिरिडीह को 3 करोड़ रुपये का पुरस्कार प्राप्त हुआ है। बुधवार को डीसी नमन प्रियेश लकड़ा ने खुशियां जाहिर किया। बताया गया कि बेहतर कार्यों की बदौलत गिरिडीह जिला को यह पुरस्कार मिला है। जानकारी दी गई कि दिसंबर 2023 में नीति आयोग के आकांक्षी ज़िला कार्यक्रम के तहत वित्तीय समावेशन और कौशल विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया गया था। उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने कहा गिरिडीह जिला के लिए गर्व का विषय है। यह पुरस्कार जिला प्रशासन की मेहनत और प्रयासों तथा आमजनों के सकारात्मक सोच और विकास कार्यों में उनकी सहभागिता का परिणाम है। इस पुरस्कार से गिरिडीह ज़िले को राज्य और देश में नई पहचान मिली है। पुरस्कार राशि का उपयोग जनकल्याणकारी परियोजनाओं को गति देने और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर एवं सुदृढ़ बनाने के लिए किया जायेगा।



