गिरिडीह : अब आम जनता को अपनी समस्याएं राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद तक पहुंचाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शनिवार को समाहरणालय परिसर में सांसद कार्यालय का उद्घाटन किया गया, जिससे लोगों को सुविधा होगी। सांसद की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि लोगों की शिकायतें और सुझाव सुनकर समाधान के लिए पहल करेंगे। कार्यालय का उद्घाटन सांसद डॉ. सरफराज अहमद और उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने संयुक्त रूप से किया।

इस अवसर पर एसपी डॉ. विमल कुमार समेत कई नेता और अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने बताया कि पहले यहां केंद्रीय मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी और गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी का कार्यालय संचालित था। अब राज्यसभा सांसद का कार्यालय शुरू होने से लोगों को और भी सुविधा मिलेगी। सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने कहा कि यह कार्यालय जनता की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित रहेगा। शिकायतों को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाकर त्वरित समाधान का प्रयास किया जाएगा।













