गांडेय : मेदिनीसारे पंचायत स्थित कोहबरा गांव के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। ‘नल-जल योजना’ के तहत बनी टंकी से अब तक किसी भी घर को पानी नहीं मिला, यहां तक कि उद्घाटन के समय भी ग्रामीणों को पानी नसीब नहीं हुआ। मजबूरी में लोग अब भी चापाकल के सहारे गुजर-बसर कर रहे हैं।

गांव तक पहुंचने के लिए सड़क तक नहीं बनी, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें होती हैं। वहीं, रोजगार के अवसर भी सीमित हैं, क्योंकि आसपास बन रहे बड़े तालाबों में मजदूरों की जगह मशीनों से काम कराया जा रहा है। इस स्थिति को देखते हुए फॉरवर्ड ब्लॉक नेता राजेश यादव ने गांव में एक बैठक कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया और कहा कि जनता को अपने हक के लिए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। उन्होंने 22 फरवरी को गांडेय में प्रशासन से समस्या समाधान की मांग करने की बात कही और चेतावनी दी कि अगर समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक में श्यामकिशोर हांसदा, पोरन सोरेन, बाबूश्वर सोरेन, रूपलाल सोरेन, सोनालाल हेंब्रम, बीरालाल हेंब्रम, शिवलाल सोरेन, सोनाराम सोरेन, सोनामुनि टुडू, सोनिया हांसदा, सुफाली टुडू, सीतामुनि हेंब्रम, फूलमुनी मुर्मू, फूलमुनी टुडू सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।












