गिरीडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मंगरोडीह पंचायत के पाठकहीर गांव में बीती रात गोविंद जेनरल स्टोर नामक किराना दुकान में भीषण आग लग गई, जिससे दुकान में रखे गए 6 लाख रुपये से अधिक के सामान जलकर राख हो गए। जानकारी के अनुसार, यह घटना रात के समय उस वक्त हुई जब दुकानदार गोविंद कुमार को तेज आवाज सुनाई दी। जब वह दुकान पहुंचे, तो देखा कि दुकान की छत विस्फोट के बाद टूट चुकी थी और पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। गोविंद कुमार ने अज्ञात लोगों पर दुकान में आग लगाने का आरोप लगाया है, उन्होंने बताया कि दुकान में राशन का सामान, नया फ्रिज और अन्य कई वस्तुएं रखी हुई थीं जो पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई हैं। घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और घटना की जानकारी फैलने पर सबकी नजरें इस मंजर पर टिकी रहीं।













