Aba News

ट्रेलर से टकराई कार, गिरिडीह पुलिस अधिकारी के बेटे सहित दो की मौत

गिरिडीह : जिले के पुलिस मेंस एसोसिएशन के सचिव और पदस्थापित दारोगा जितेंद्र सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब उनके बेटे ऋतुराज की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा सोमवार सुबह तमाड़ थाना क्षेत्र के रड़गांव में हुआ, जब ऋतुराज अपनी बहन रोहिणी और सहेली जान्हवी के साथ वेगन आर कार से जमशेदपुर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी कार बीच सड़क पर खड़े एक ट्रेलर से जा टकराई, जिससे ऋतुराज (25) और जान्हवी (18) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रोहिणी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए रांची रिम्स में भर्ती कराया गया। इस हृदयविदारक घटना की खबर मिलते ही गिरिडीह पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों और जवानों ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

मूल रूप से बिहार के पटना जिले के रहने वाले जितेंद्र सिंह वर्षों से जमशेदपुर में रह रहे थे और वर्तमान में गिरिडीह में पदस्थापित थे। हादसे की जानकारी मिलते ही वे शोक में डूबे हुए रांची के लिए रवाना हो गए। यह हादसा तब हुआ जब रविवार रात परिवार शादी समारोह में शामिल होने के बाद लौट रहा था। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। पुलिस ने मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि गंभीर रूप से घायल रोहिणी का इलाज जारी है। इस दुर्घटना ने परिवार और पुलिस विभाग को गहरे सदमे में डाल दिया है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के खिलाफ प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें