गिरिडीह : अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह द्वारा 19 जनवरी 2025 को ग्राम चपुआडीह में भव्य गायत्री महायज्ञ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी और अखंड दीपक शताब्दी समारोह 2026 के तहत आयोजित किया गया।

यज्ञ का संचालन करते हुए धनबाद प्रतिनिधि भुनेश्वर शास्त्री ने कहा कि 1926 में वेदमूर्ति पं. राम शर्मा आचार्य द्वारा प्रज्वलित अखंड दीपक और माता भगवती देवी शर्मा के योगदान को याद करते हुए शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा गायत्री महामंत्र की उपासना को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

इस आयोजन में मां गायत्री के मंत्रों से यज्ञ किया गया, और नारियों के उत्थान हेतु पं. श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित नारी जागरण सेट की स्थापना की गई। इस मौके पर गायत्री मंत्र कार्ड, सद्वाक्य स्टीकर, और गायत्री चालीसा का निःशुल्क वितरण भी किया गया। इस महायज्ञ को सफल बनाने में ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।













