अखिल विश्व गायत्री परिवार गिरिडीह ने 9 जनवरी 2025 को काली मंडा ग्राम गादी, पंचायत लेदा में संध्या कालीन दीप महायज्ञ का आयोजन किया। यह आयोजन आगामी 6 से 9 मार्च 2025 तक ग्राम बंशीडीह में होने वाले शक्ति संवर्धन 24 कुंडीय गायत्री महायज्ञ को सफल बनाने के लिए किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा जिला संयोजक तुलसी पंडित द्वारा गुरु वंदना से हुआ।
इस अवसर पर गायत्री शक्तिपीठ गिरिडीह के प्रबंधक कामेश्वर सिंह ने गायत्री और यज्ञ के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि भारत में यज्ञों का इतिहास अत्यंत प्राचीन है, और इस परंपरा को अखिल विश्व गायत्री परिवार निरंतर आगे बढ़ा रहा है। दीप महायज्ञ में 251 दीप प्रज्वलित कर राष्ट्र की उन्नति और उज्जवल भविष्य के लिए गायत्री और महामृत्युंजय मंत्र से आहुतियां दी गई। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय लोगों का विशेष योगदान रहा।



