गिरिडीह : गिरिडीह जिले के सदर प्रखंड स्थित बराकर शिव मंदिर के पास, घटवार घटवाल आदिवासी महासभा के बैनर तले स्वतंत्रता सेनानी शहीद टिकैत उमराव सिंह के शहादत दिवस पर एक विशाल आमसभा का आयोजन हुआ। इस सभा में महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष दुर्गा सिंह घटवार, केंद्रीय मंत्री लाल गोबिंद सिंह, और अन्य नेताओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद टिकैत उमराव सिंह की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर की गई। वक्ताओं ने कहा कि टिकैत उमराव सिंह का सम्मान केवल बलिदान दिवस तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि समाज को उनके सपनों को साकार करके उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करनी चाहिए। नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि घटवाल घटवार समाज को आदिवासी श्रेणी में शामिल कर उन्हें समान अधिकार दिए जाएं। यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो समाज को अपने अधिकारों के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना होगा।












