गिरिडीह में सिखों के दसवें गुरु और खालसा पंथ के संस्थापक श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्रद्धा और उल्लास का अनोखा संगम देखने को मिला। रविवार को पंजाबी मोहल्ला गुरुद्वारा से प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जो मकतपुर, कालीबाड़ी चौक, मुस्लिम बाजार और बड़ा चौक होते हुए मुख्य गुरुद्वारा, स्टेशन रोड पर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में भक्ति और सिख संस्कृति की अद्भुत छटा बिखेरते हुए श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते रहे, जिससे समूचा वातावरण भक्तिमय हो गया। भीषण ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता था।
मुख्य गुरुद्वारा पहुंचने पर पुष्पवर्षा और निशान साहिब पर माल्यार्पण कर प्रभात फेरी का स्वागत किया गया। इसके उपरांत स्थानीय रागी जत्थे ने शब्द-कीर्तन प्रस्तुत किया, और श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। श्री गुरु सिंह सभा गिरिडीह के प्रधान डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया ने जानकारी दी कि अखंड पाठ लगातार जारी है, और सोमवार को शब्द-कीर्तन व विशाल लंगर का आयोजन होगा। उन्होंने समस्त गिरिडीहवासियों से गुरुद्वारा आकर गुरुवाणी सुनने की अपील की। इस आयोजन को सफल बनाने में डॉ. गुणवंत सिंह मोंगिया, सरदार नरेंद्र सिंह सम्मी, डॉ. अमरजीत सिंह सलूजा, सरदार चरणजीत सिंह सलूजा, सरदार देवेंद्र सिंह, सरदार कुंवरजीत सिंह, सरदार भूपेंद्र सिंह, सरदार गुरु भेज सिंह कालरा, सतविंदर सिंह सलूजा, सरदार परमजीत सिंह और सरदार अजिंदर सिंह सहित कई गणमान्यजनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।



