गिरिडीह : डीसी कार्यालय में अपर समाहर्ता बिजय सिंह बिरुआ की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक गुरुवार को संपन्न हुई। बैठक में अपर समाहर्ता द्वारा सबसे पहले सुदूर क्षेत्रों में आधार पंजीकरण एवं अद्यतन केन्द्रों की आवश्यकता का आंकलन करते हुए उन क्षेत्रों में आधार पंजीकरण केन्द्र की उपलब्धता सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा उन्होंने शून्य से पांच वर्ष के बच्चों के आधार पंजीकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही आधार में मोबाइल संख्या को भी पंजीकृत कराने को कहा। इसके साथ ही BRC के सभी मशीन अनिवार्य रूप से 5 और 15 साल के बच्चों का मैंडेटरी बायोमैट्रिक अपडेट तथा जिनका मोबाइल नंबर ऐड नहीं हुआ हो उनका अभियान चलाकर मोबाइल नंबर ऐड करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने जिला समाज कल्याण विभाग को इंडिया पोस्ट पेमेन्ट बैंक के प्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों का आधार पंजीकरण कराने का निर्देश दिया। साथ ही निर्देश दिया गया कि जिला समाज कल्याण पदाधिकारी जल्द ही अपने सभी परियोजना में वितरित किए गए चाइल्ड एनरोलमेंट टैब को एक माह के अंदर एक्टिव कराएं। बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, जिला शिक्षा अधीक्षक, डाक अधीक्षक, सहायक प्रबंधक, क्षेत्रीय कार्यालय राँची, जिला परियोजना पदाधिकारी, यू० आईडी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।












