आंध्र प्रदेश के तिरुपति के एक होटल में काम करता था चंदौरी का मनोज तुरी
तिसरी/गिरिडीह : जिले के तिसरी प्रखंड के एक और प्रवासी मजदूर की काम के दौरान मौत हो गई है। प्रखंड के चंदौरी के रहने वाले मनोज तुरी पिता अर्जुन तुरी आंध्र प्रदेश के तिरुपति के एक होटल में काम करते थे। शनिवार की सुबह काम करने के दौरान करंट लगने से उनकी मौत होने की बात बताई जा रही है। इससे जुड़ी एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है।
घटना के बाद बाद भाजपा प्रदेश के अध्यक्ष सह धनवार विधायक बाबूलाल मरांडी के प्रयास और झारखण्ड युवा एकता संघ हैदराबाद के सहयोग से मृतक के शव को उसके घर लाया जा रहा है। साथ ही होटल मालिक के पुलिस गिरफ्त में होने की बात कही जा रही है। भाजपा के चंदौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साव ने बताया कि बाबूलाल मरांडी द्वारा आंध्र प्रदेश के डीजीपी से बात कर शव को लाने की व्यवस्था की।रोजगार के अभाव में भारी संख्या में मजदूरों का होता है पलायन वैसे तो जिले का सुदूरवर्ती प्रखंड तिसरी – माइका और जंगलों के लिए प्रसिद्ध है लेकिन रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां के मजदूर दूसरे राज्यों की ओर पलायन को मजबूर हैं। अब तक प्रखंड के कई प्रवासी मजदूरों की मौत दूसरे राज्यों में हो चुकी है। इतना ही नहीं हालात ऐसी उत्पन्न हो जाती है कि उनके शवों को उनके घर लाने के लिए भी परिजनों को काफी जद्दो – जहद करनी पड़ती है।



