गिरिडीह : 07 दिसंबर को परिवार नियोजन कार्यक्रम अन्तर्गत्त पुरुष नसबंदी अभियान दिनांक 2 दिसम्बर 2024 से 21 दिसम्बर 2024 तक किया जाना प्रस्तावित है। अभियान के व्यापक प्रचार प्रसार को लेकर आज सिविल सर्जन व अन्य संबंधित अधिकारियों ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान के दौरान प्रत्येक प्रखंड द्वारा कम से कम 20 पुरुष नसबंदी की उपलब्धि सुनिश्चित की जायेगी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन ने कहा कि इस अभियान के दौरान पूरे राज्य में जनसंख्या स्थिरीकरण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना एवं उपलब्ध साधनों को प्रत्येक योग्य दम्पति तक पहुँचाना है। शादी के बाद दो साल का अंतर, दो बच्चों के बीच तीन साल का अंतर तथा दो बच्चों के बाद स्थायी विधि अथवा लम्बे समय तक प्रयोग किये जानेवाले अस्थायी विधि जैसे IUCD, अंतर आदि के प्रयोग पर अधिक बल दिया जाना है जिससे मातृ मृत्युदर तथा शिशु मृत्यु दर में कमी लायी जा सके। इसके अलावा सिविल सर्जन ने बताया कि ए०एन०एम०, बहुउद्देशीय कार्यकर्ता, सहिया, आँगनबाड़ी सेविका, सखी मंडल, पंचायत सचिव/ मुखिया, नेहरू युवा केन्द्रों आदि का विशेष सहयोग प्राप्त किया जाए। इनके द्वारा ग्राम स्तर पर आम सभा के बैठकों में “छोटा परिवार सुखी परिवार” तथा सही अंतर ही है स्वस्थ माँ एवं स्वस्थ बच्चे का मंतर के संदेश को प्रचारित किया जाए। बैठक के माध्यम से योग्य पुरुष को नसबंदी हेतु उत्प्रेरित किया जाए।



