गिरिडीह जिला तैलिक साहू सभा महिला प्रकोष्ठ की ओर से शनिवार को हुट्टी बाजार स्थित कार्यालय परिसर में भव्य सावन मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला अध्यक्ष सुचिता देवी ने किया, जिसकी शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और भामाशाह की तस्वीर पर पुष्प अर्पण से हुई। मंच संचालन सोनी साहा ने किया और महासचिव विनीता सहित अन्य पदाधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
गणेश वंदना के मधुर सुरों के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। सुचिता देवी ने सावन माह की धार्मिक व सांस्कृतिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं की भागीदारी को सराहा। कार्यक्रम में सौंदर्य प्रतियोगिता व मनोरंजक खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। कार्यक्रम में मार्गदर्शन मंडल सहित महिला प्रकोष्ठ की सैकड़ों सदस्याएं उपस्थित रहीं और आयोजन की सफलता में अहम भूमिका निभाई।



